देहरादून विजिलेंस, ऊर्जा निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने काशीपुर के बरखेड़ा पांडे, कटईया और महुआखेड़ागंज क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान 80 से अधिक स्थानों पर कटिया डालकर हो रही बिजली चोरी पकड़ी गई। मामले में 81 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पिछले माह यूपीसीएल के एमडी पीसी ध्यानी ने कुमाऊं का दौरा कर अधिकारियों को बिजली चोरों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में शनिवार तड़के टीम ने बिजली चोरी की सर्वाधिक शिकायतों वाले क्षेत्र में अभियान चलाया। संयुक्त टीम में शामिल देहरादून विजिलेंस के निरीक्षक मारूथ शाह, संजीव त्यागी, ईई उमाकांत चतुर्वेदी, अजीत कुमार, एसडीओ दीप चंद्र पांडे, महक मिश्रा, पुनीत कुमार, विकास कुमार, विजीलेंस के एई अमित चंद्र आर्य, सुमित कुमार ने बरखेड़ा पांडे, कटईया, महुआखेड़ागंज में औचक निरीक्षण किया। तड़के पहुंची टीम ने एक-एक कर घरों में की जा रही बिजली चोरी पकड़ी। टीम ने सभी मामलों में वीडियोग्राफी और मौके पर ही लोड का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की। बिजली चोरी करने वाले 81 लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। सभी पर एक साल का बिजली चोरी जुर्माना लगाया जाएगा। आने वाले दिनों में भी बिजली चोरों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। - शेखर त्रिपाठी, यूपीसीएल चीफ, कुमाऊं