डंपर की टक्कर से क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर। संवाद
- फोटो : KASHIPUR
सुल्तानपुर पट्टी। सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर में उपखनिज से भरे डंपर ने टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर दुकान में जा घुसा। दुकान में खाना बना रही महिला का परिवार बाल-बाल बच गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की।
अजीतपुर मार्ग स्थित ग्राम दभौरा मुस्तकम में सावित्री राज पत्नी अशोक किराये के कमरे में रहकर परचून की दुकान चलाकर परिवार को पालती है। सोमवार को सावित्री दुकान में खाना बना रही थी। उसी समय एक युवक सड़क किनारे दुकान के पास ट्रैक्टर खड़ा कर अपने घर खाना लेने गया था। इसी दौरान अवैध तरीके से उपखनिज से भरे डंपर ने ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर से ट्रैक्टर दुकान में घुस गया। हादसे में सावित्री राज, उसका बेटा आनंद और दो महीने की पोती हादसे का शिकार होते-होते बचे।
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने पुलिस पर अवैध खनन करवाने व अवैध वसूली करने का आरोप भी लगाया। ग्रामीण पलविंद्र सिंह, गुरमीत सिंह ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की पुलिस चौकियों और थाने के इशारों पर अवैध खनन हो रहा है। बताया कि प्रत्येक वाहन से दो से तीन हजार रुपये की इंट्री ली जाती है और वाहन चालक निडर होकर वाहनों को चलाते हैं जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए शासन-प्रशासन से कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई सुनवाई हुई। ग्रामीण प्रभुजोत सिंह ने बताया कि सड़क पर सरपट दौड़ रहे अवैध खनन से भरे ओवरलोड वाहन से दो सगे भाई जान गंवा चुके हैं लेकिन प्रशासन ओवरलोड वाहनों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
प्रकरण मेरे संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा कुछ हुआ है तो मामले की जांच करवाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - आकांक्षा वर्मा, सीओ।
पट्टी में अवैध खनन के खिलाफ प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद- फोटो : KASHIPUR