नानकमत्ता। सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर ट्राॅली से टकराकर बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को नागरिक चिकित्सालय खटीमा भिजवाया, जहां डॉक्टर ने नाबालिग समेत दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक नाबालिग की स्थिति गंभीर होने के चलते उसको सुशीला तिवारी हल्द्वानी के लिए रेफर किया गया।
बृहस्पतिवार देर रात दहला निवासी मनदीप सिंह उर्फ राम (19) पुत्र स्वर्गीय मलकीत सिंह अपने मित्र वार्ड नंबर तीन निवासी अंशुल (16) पुत्र अर्जुन के साथ कैथुलिया गांव निवासी लवप्रीत सिंह (11) पुत्र मुख्तियार सिंह को दोस्त से मांगी बाइक से छोड़ने जा रहा था। टुकड़ी मार्ग पर उनकी बाइक गुरुद्वारे के पीछे खड़ी ट्रैक्टर ट्राॅली से टकरा गई। हादसे में बाइक के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बाइक चला रहे मनदीप, बीच में बैठे लवप्रीत और सबसे पीछे बैठे अंशुल के सिर ओर सीने में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के समय किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था।
हादसे के बाद सूचना पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष देवेंद्र गौरव ने 108 एंबुलेंस की सहायता से तीनों घायलों को नागरिक चिकित्सालय खटीमा भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक एवं ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने मनदीप और अंशुल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल लवप्रीत का प्राथमिक इलाज कर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस पर लवप्रीत को डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी भर्ती कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिए।
विधवा मां का एकमात्र सहारा था मनदीप
नानकमत्ता। मनदीप सिंह अपनी विधवा मां तारो कौर का एकमात्र सहारा था। लगभग 15 वर्ष पूर्व मनदीप के पिता मलकीत सिंह का देहांत हो गया था। तारो कौर ने मेहनत मजदूरी कर अपने मनदीप और बेटी सीमा को बड़े लाड़ प्यार से पाला था। खेती की जमीन न होने से तारो मेहनत मजदूरी करती थी। मनदीप भी अब मेहनत मजदूरी कर मां का बोझ कम करने में लगा था। पुत्र की अकाल मृत्यु की सूचना मिलते ही तारो कौर पर दुखों का पहाड़ टूट गया। बह बेसुध हो गई।
29 अप्रैल को था अंशुल का जन्मदिन
नानकमत्ता। सड़क दुर्घटना में मृत अंशुल छह भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। अंशुल के पिता अर्जुन होटल में कारीगरी करते हैं। अंशुल भी नगर में मेहनत मजदूरी कर परिवार के पालन पोषण में अपने पिता की मदद करता था। अंशुल की मौत की जानकारी मिलते ही मां दीपा और वह बड़ी बहन निशा, छोटी बहन सृष्टि, दीक्षा, माही और सबसे छोटे भाई दीपांश का रो रोकर बुरा हाल हो गया। अंशुल का 29 अप्रैल को जन्म दिन था। जन्म दिन से पहले ही आकस्मिक मौत ने सभी झकझोर कर रख दिया है।
ओवरटेक करने के चक्कर में ट्रक से टकराई कार, क्षतिग्रस्त
रुद्रपुर। काशीपुर हाईवे में ओवरटेक करने की चक्कर में एक कार ट्रक से भिड़ गई। हादसे में कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ट्रक को भी थोड़ा नुकसान हुआ है।
सोमवार शाम करीब पांच बजे काशीपुर हाईवे में सोबती होटल के पास एक ट्रक शहर की ओर आ रहा था। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने दाहिनी ओर से ओवरटेक करने का प्रयास किया। इससे अनियंत्रित हो कर कार ट्रक के आगे आकर डिवाइडर पर चढर गई और उसकी ट्रक से भिड़ंत हो गई। ट्रक चालक ने समय पर ब्रेक लगाने के कारण कार सवार करीब छह लोग बाल-बाल बच गए। ट्रैफिक निरीक्षक विजय विक्रम ने बताया कि मौके पर पुलिस ने पहुंच कर दोनों वाहनों को हाईवे के किनारे खड़ा करवा दिया है और यातायात सुचारू हो गया है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।