रुद्रपुर में जिम से लौट रहे एक युवक पर आठ लोगों ने डंडे, कांपा और तलवार से जानलेवा कर दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पांच नामजद और तीन अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
कोतवाली में दी तहरीर में वार्ड नंबर 13 दूधियानगर निवासी आजाद खां ने कहा कि 27 मई की शाम उनका बेटा शाबाब खान जिम के लिए जा रहा था। पार्षद वाली गली में राजू, अजय, दीपक, आजम, कासिम और तीन अन्य लोगों ने उनके पुत्र को रोककर परेशान करना शुरू कर दिया। इसको लेकर इन लोगों से बेटे की कहासुनी हुई। जब उनका बेटा जिम से लौट रहा था तब ग्रीन वार्ड स्कूल के पास इन लोगों ने उनके बेटे से गाली गलौज शुरू कर दी।
बेटे ने विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी-डंडे, कांपा, तलवार से उसके सिर पर वार कर दिया। राहगीरों को आता देख आरोपी उनके बेटे को अधमरा छोड़कर भाग गए। राहगीरों ने उनके बेटे को घर पहुंचाया और वे उसे सरकारी अस्पताल ले गए थे। उनके बेटे के सिर पर गंभीर चोटें आईं। उसका सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी में इलाज चल रहा है। पुलिस ने केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।