काशीपुर। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार को कोतवाली पुलिस के साथ नशे का धंधा करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। टीम ने क्षेत्र के मोहल्ला महेशपुरा स्थित सनराइज फार्मास्युटिकल पर निरीक्षण दौरान स्टोर पर अभिलेखों में तमाम अनियमितताएं पाईं। दवाओं का रखरखाव ढंग से नहीं मिलने पर लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति की। इस दौरान टीम के मोहल्ला लक्ष्मीपुर पट्टी में एक युवक को भारी मात्रा में नशे के कैप्सूल के साथ पकड़ लिया। टीम युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली पूछताछ के लिए ले गई है। सीओ दीपक सिंह ने बताया घटनाक्रम का बुधवार को खुलासा किया जाएगा। टीम में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नीरज कुमार व मीनाक्षी बिष्ट, ड्रग इंस्पेक्टर निधि शर्मा, शुभम कोटियाल, हर्षित कुमार के अलावा पुलिस टीम शामिल रही।