काशीपुर। गुरुपूर्णिमा और आषाढ़ी पूर्णिमा का पर्व धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर काशीपुर में प्राचीन श्री शीतला माता सिद्धपीठ मंदिर में भक्तों ने पूजा अर्चना की। मंदिर के पीठाधीश्वर पं. संदीप मिश्रा ने बताया कि बुधवार को सुबह से ही पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालुओं के पहुुंचने का क्रम शुरू हो गया था। उन्होंने बताया कि मां शीतला माता को नगरकोट की देवी के रूप में पूजा जाता है। बदलते मौसम के चलते रोग, शोक आदि को दूर करने के लिए माता का आज के दिन पूजन किया जाता है। भक्तों का मानना है कि प्राचीन मंदिर में पूजा करना उनके परिवार में रोग दोष और परेशानी दूर होती है। उधर, द्रोणासागर स्थित डमरू वाले बाबा स्थान पर गुरु पूर्णिमा के शुभ अवसर पर डमरू वाले बाबा के पवित्र स्वरूप का हवन और पूजन किया। इस मौके पर पंडित विष्णु गोस्वामी, मुख्य सेवक अजय चौहान, अक्षय नायक, भगवती गिरी, गगन विनायक, रजत चौहान, अर्श देओल समेत अनेकों श्रद्धालु मौजूद रहे।