सितारगंज में महाविद्यालय की छत पर चढ़ी छात्रा।
- फोटो : अमर उजाला
सितारगंज राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्रा राजविंदर कौर ने महाविद्यालय प्रशासन पर गलत तरीके से उसके नामांकन पत्र को निरस्त करने और हाईकोर्ट के आदेशों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। बृहस्पतिवार को वह पेट्रोल की बोतल लेकर महाविद्यालय की छत पर चढ़ गई। उसने महाविद्यालय प्रशासन से मामले का निस्तारण कराए जाने की मांग की। उसके छत पर चढ़ने से महाविद्यालय में हंगामा मच गया। कक्षाओं में अध्ययन कर रहे छात्र महाविद्यालय के बाहर आ गए।
छात्रा राजविंदर कौर ने बताया कि उसने छात्रसंघ अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। आरोप लगाया कि महाविद्यालय प्रशासन ने उसका नामांकन खारिज कर दूसरे प्रत्याशी को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया। उसने दावा किया कि उसका नामांकन गलत तरीके से निरस्त किया गया। उसका पक्ष तक नहीं सुना गया।
राजविंदर ने बताया कि हाईकोर्ट ने अपने निर्णय में 15 दिनों में भीतर मामले के निस्तारण करने का निर्देश दिए था। बताया कि उसने 28 सितंबर और 18 अक्तूबर को अपना प्रत्यावेदन दिया था, लेकिन महाविद्यालय प्रशासन ने इस पर कोई निर्णय नहीं लिया। आरोप लगाया कि मामले को दबाया जा रहा है। इसके बाद उसे मजबूरी में पेट्रोल लेकर महाविद्यालय भवन की छत पर चढ़ना पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह उसे समझा बुझाकर नीचे उतारा। इसके बाद महाविद्यालय प्रशासन से वार्ता का दौर शुरू हुआ।
इधर, प्राचार्या डॉ. रेनू रानी बंसल ने बताया महाविद्यालय में गठित शिकायत निवारण प्रकोष्ठ दोनों पक्षों की सुनवाई करेगा। दोनों पक्ष अपनी बात रखेंगे। कानूनी सलाह लेने के बाद सुनवाई कर हाईकोर्ट के आदेशों का पालन कराया जाएगा।