रुद्रपुर के पुलभट्टा थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने शेयर मार्केट ट्रेडिंग में निवेश के नाम 25 लाख रुपये गंवा दिए। घेरा फार्म शहदौरा थाना पुलभट्टा निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि बीते 27 सितंबर को फेसबुक पर उन्हें एक महिला की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई जिसे उसने स्वीकार कर लिया। इसके बाद फेसबुक मैसेंजर और व्हाट्सएप पर बातचीत होने लगी। महिला ने खुद को दिल्ली के साकेत क्षेत्र की निवासी बताया और कहा कि वह ट्रेडिंग कंपनी से जुड़ी है। शेयर मार्केट ट्रेडिंग में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया।
बताया कि महिला के झांसे में आकर उसने कथित वेबसाइट पर निवेश शुरू किया। व्हाट्सएप के जरिए भेजे गए लिंक के माध्यम से पीड़ित का अकाउंट बनाया गया जिसमें भारी मुनाफा दिखाया जाता रहा। विश्वास दिलाने के लिए पीड़ित के खाते में करीब 22 हजार रुपये लाभांस के रूप में वापस किए। भरोसा बढ़ने पर उसने अपने बैंक खाते से अलग-अलग तारीखों पर यूपीआई के माध्यम से रकम ट्रांसफर कर दी। उसने 25 लाख रुपये तक निवेश कर दिया।
वेबसाइट पर पीड़ित के अकाउंट में करोड़ों का मुनाफा दिखाया गया लेकिन जब उसने रकम निकालने का प्रयास किया तो बार-बार विड्रॉल फेल होता रहा। बाद में वेबसाइट के माध्यम से पीड़ित से कथित टैक्स के नाम पर 50 लाख रुपये से अधिक की अतिरिक्त मांग की गई। तब उसे ठगी का अहसास हुआ। पुलिस के साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू कर दी है।