फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लंबी गुजरी काली रात, छह अर्थियां उठीं एक साथ

विज्ञापन
शक्तिफार्म बसगर गांव में बेटे आर्यन की सैंडिल को देखते ही मां उपप्रधान रजनी कौर ने हाथ में उठा ली ? - फोटो : SITARGANJ
विज्ञापन
शक्तिफार्म। सिरसा चौकी के पास रविवार सुबह हुए हादसे में मारे गए छह श्रद्धालुओं के शवों का सोमवार को गमगीन माहौल में गांव के ही श्मशान घाट में सामूहिक रूप से अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए सुबह से ही हजारों की संख्या में लोगों का हुजूम बसगर गांव में उमड़ पड़ा। मृतक के परिजनों की हृदय विदारक चीत्कार के बीच निकली अंतिम यात्रा में शामिल हर शख्स की आंखें छलक उठीं।
विज्ञापन

कंटेनर की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार छह श्रद्धालुओं की मौत के बाद से बसगर गांव में मातम छाया हुआ है। पोस्टमार्टम के बाद रविवार देर रात ही शवों को गांव में लाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था। सभी शवों को गांव स्थित गुरुद्वारे में रखवाया गया था। गांव में मौजूद हजारों लोग पूरी रात जागकर एक-दूसरे का दुख बांटते रहे और सभी के आंसू छलकते रहे। बसगर ग्रामीणों के लिए रविवार की रात सबसे भारी गुजरी। सोमवार सुबह से ही अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए दूरदराज के क्षेत्रों से लोगों का हुजूम आना शुरू हो गया और हजारों की संगत गांव में इकट्ठी हो गई।
हर समुदाय के लोग इस दुख की घड़ी में शामिल होना चाहते थे। सुबह 10:15 बजे गुरुद्वारे से आधा किमी दूर स्थित श्मशान घाट के लिए तीन वाहनों में ताबूतों को रखकर अंतिम यात्रा शुरू हुई। यात्रा वाले मार्ग पर भीड़ का आलम यह था कि यह दूरी तय करने में करीब 45 मिनट का समय लग गया। सुबह 11 बजे बजे श्मशान घाट में एक साथ लगाई गईं चिताओं को अग्नि दी गई।
विज्ञापन

हर कोई इस हृदय विदारक मंजर को देख द्रवित हो उठा। कई लोगों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल में भी कैद किया। अंतिम यात्रा में पहुंचे नानकमत्ता गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के जनरल सेक्रेटरी अमरजीत सिंह, मैनेजर रंजीत सिंह, हरभजन सिंह, गुरदयाल सिंह, जोगिंदर सिंह संधू, गुरवंत सिंह आदि ने कहा कि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी हादसे में मृतक व घायल परिवारों की हर संभव मदद कर रही है।
कलेजे के टुकड़े खोने के गम में मांएं बेसुध
दामन फैलाकर बेटे को लौटाने की लगा रही थीं गुहार
हृदय विदारक दृश्य देख छलछलाई हर किसी की आंख
शर्मिला मंडल
शक्तिफार्म। सिरसा चौकी के पास सड़क हादसे में तीन बच्चों ने भी अपनी जान गवाई। इनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। माताएं बदहवास होकर सुधबुध खो चुकी हैं। घरों में सांत्वना देने के लिए पहुंचने वाले लोगों के आगे इन माताओं को दामन फैलाकर अपने जिगर के टुकड़े लौटाने की गुहार लगाते देख हर किसी की आंखें छलछला उठीं।
गांव के ही प्राथमिक स्कूल में कक्षा तीन में पढ़ने वाला आकाश अपनी दोनों बड़ी बहनों के साथ श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार था। हादसे में आकाश की मौत के बाद से उसकी मां सुरजीत कौर की आंखों का पानी रोते-रोते सूख चुका है। वह लोगों से कह रही है कि इकलौते पुत्र की मौत के बाद अब उसके जीने का कोई मकसद नहीं रह गया। यही हाल हादसे का शिकार हुए आर्यन की मां उपप्रधान रजनी कौर का है। रविवार से वह बदहवास हैं। कभी वह दहाड़े मारकर रोती हैं तो अगले ही पल घर में मौजूद लोगों की भीड़ की ओर देखकर मुस्कुरा पड़ती हैं।
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा के साथ घर में आए लोगों के हुजूम के सामने रजनी कौर दामन फैलाकर अपने बेटे को एक बार वापस लाने की गुहार लगाने लगीं। घटनास्थल से अपने बेटे के पैरों में पहनी एक सैंडल को सीने से लगाकर रोता देख वहां मौजूद सबकी आंखें छलक उठीं। कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा भी अपने आंसू पोछते देखे गए।
ऐसे दर्दनाक हादसे में अपने पति भजन सिंह और बेटी सुमन कौर को खोने वाली कुलवंत कौर भी अपने घर में निढाल पड़ी हुई हैं। उसके चारों और शोक संवेदना व्यक्त करने बैठी महिलाएं उन्हें स्थिर करने का भरसक प्रयास कर रही हैं। अब उसके परिवार में सिर्फ उसका पुत्र जसवीर ही बचा है। इस दोहरे सदमे से कुलवंत कौर के हलक से आवाज नहीं निकल रही है। हादसे के बाद से इस छोटे से गांव में दुख जताने वाले सैकड़ों लोगों की भीड़ लगी है और चारों तरफ मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। संवाद
गांव में लगाया चिकित्सा शिविर
शक्तिफार्म। दुर्घटना में मामूली रूप से घायल व चोटिल हुए लोगों के लिए स्वास्थ्य विभाग ने गांव में ही स्वास्थ्य शिविर लगाया। कैंप में लोगों का इलाज कर रहे डॉ. रविंद्र ने बताया कि जो घायल स्वयं शिविर में नहीं आ सकते उनका घर जाकर इलाज किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायलों को उनकी स्थिति के अनुसार पीएचसी शक्तिफार्म या सीएचसी सितारगंज भेजने की व्यवस्था की जा रही है। संवाद
शोक में बंद रहा शक्तिफार्म बाजार
शक्तिफार्म। सड़क हादसे में बसगर गांव के छह श्रद्धालुओं की मौत के बाद व्यापार मंडल के आह्वान पर व्यापारियों ने सोमवार को आधे दिन तक अपनी दुकानें बंद कर मृतकों को श्रद्धांजलि दी। व्यापार मंडल अध्यक्ष रविंद्र अग्रवाल ने कहा कि इस दुख की घड़ी में व्यापारी पीड़ित परिजनों के साथ खड़े हैं। पीड़ितों की मदद के लिए व्यापार मंडल पीछे नहीं हटेगा। संवाद
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने किया बसगर गांव का दौरा
शक्तिफार्म/रुद्रपुर। कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सोमवार को बसगर गांव का दौरा कर मृतकों के परिजनों और घायलों से मुलाकात कर हर संभव मदद मुहैया कराने का आश्वासन दिया। कैबिनेट मंत्री सौरभ ने सबसे पहले मृतक बालक आकाश सिंह के घर पहुंचकर उसके पिता गुरमेज सिंह और बदहवास मां ढाढ़स बंधाया। इसके बाद मृतका जसविंदर कौर के घर पहुंचकर घायल बेटी कोमल का हाल जाना। उन्होंने हादसे में मृत पिता-पुत्री भजन सिंह और सुमन कौर, मृतका गुरनाम कौर और मृतक बालक आर्यन के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया।
कैबिनेट मंत्री सौरभ ने कहा कि हादसे में जो क्षति हुई है उसकी भरपाई किसी कीमत पर नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने रविवार को ही हादसे में मृतक और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा कि सरकार मृतक के परिवार के भरण पोषण का जिम्मा उठाएगी। घायलों के इलाज में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने एसडीएम तुषार सैनी और तहसीलदार जगमोहन त्रिपाठी से घायलों के इलाज के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था करने के साथ ही बदहवास परिजनों के लिए गांव में मनोचिकित्सकों का शिविर लगाने के निर्देश दिए। वहां डीसीबी चेयरमैन योगेंद्र रावत, ग्राम प्रधान महेंद्र सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष कार्तिक राय, पलविंदर सिंह, संजय बाछड़, सुमन राय, देबू मंडल, उदय राणा, महेश कुमार, मयंक अग्रवाल, विश्वजीत हालदार, विधान दास, संजीत खान, उत्तम दास, विक्रम भंडारी दयानंद तिवारी आदि मौजूद थे।
इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने रुद्रपुर जिला अस्पताल, चीमा हॉस्पिटल व मेडिसिटी हॉस्पिटल पहुंचकर वहां भर्ती घायलों का हाल भी जाना। उन्होंने चिकित्सा स्टाफ व प्रशासनिक अधिकारियों से पूरी तन्मयता के साथ घायलों का इलाज करने को कहा। वहां एडीएम डॉ. ललित नारायण मिश्र, एसडीएम प्रत्यूष सिंह, तुषार सैनी, सहायक निदेशक मत्स्य संजय कुमार छिम्वाल, जिला पशु चिकित्सा अधिकारी एसबी पांडेय, एसीएमओ डॉ. हरेंद्र मलिक, पीएमएस डॉ. आरके सिन्हा, डॉ. गगनदीप मिश्र, डॉ. नागेंद्र चौधरी, डॉ. उदयवीर सिंह, भाजपा नेता भारत भूषण चुघ, अमित गौड़, दयानन्द तिवारी, अनादि मंडल, उदय सिंह राणा आदि थे।

शक्तिफार्म बसगर गांव में पति व बेटी को खोने के बाद बेसुध कुलवंत कौर। संवाद- फोटो : SITARGANJ

शक्तिफार्म बसगर गांव में बेटे आकाश के वियोग में विलाप करती मां व पिता को सांत्वना देते कैबिनेट मं- फोटो : SITARGANJ

शक्तिफार्म में सड़क हादसे में मृतक परिवार से मुलाकात करते कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा। संवाद- फोटो : SITARGANJ

शक्तिफार्म में बेटे आर्यान की अर्थी उठने के दौरान दामन फैलाकर बेटे को वापस लाने की गुहार लगाती मा- फोटो : SITARGANJ

शक्तिफार्म के बसगर गांव में श्मशान घाट पर जलाई गई चिताएं। संवाद- फोटो : SITARGANJ

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें