काशीपुर। नगर निगम की ट्रंचिंग ग्राउंड की जमीन में ढेला नदी की बाढ़ सुरक्षा के लिए बनाई गई प्रोटेक्शन वॉल से मानसून के दौरान आने वाली बाढ़ से राहत मिलेगी। मानसून के दौरान मानपुर क्षेत्र में ढेला नदी किनारे बने ट्रंचिंग ग्राउंड में बाढ़ का पानी घुसने से काफी कूड़ा नदी में बह जाता था। बीते वर्ष मानसून के दौरान लगभग 40 बीघा जमीन का कटाव नदी ने कर दिया था। भूमि कटाव को रोकने के लिए बाढ़ सुरक्षा के तहत सिंचाई विभाग ने चार करोड़ 80 लाख की लागत से 430 मीटर लंबी प्रोटेक्शन वॉल का निर्माण कराया है। इसकी ऊंचाई लगभग चार मीटर रखी गई है। सिंचाई विभाग के एई केशव सिंह ने बताया कि ट्रंचिंग ग्राउंड की जमीन पर भू-कटाव को रोकने के लिए बनाई गई प्रोटेक्शन वॉल का कार्य अंतिम चरण में है। उधर, नगर आयुक्त रविंद्र बिष्ट ने बताया कि प्रोटेक्शन वॉल से ट्रंचिंग ग्राउंड पूरी तरह सुरक्षित हो गया है।