रुद्रपुर। उप निरीक्षक नागरिक पुलिस, अभिसूचना और प्लाटून कमांडर पीएसी की सीधी भर्ती परीक्षा शुरू हो गई है। पहले दिन एक हजार अभ्यर्थियों में से करीब छह सौ अभ्यर्थियों ने नापजोख परीक्षा पास की। करीब दो सौ अभ्यर्थी अनुपस्थित भी रहे। जिले में शुक्रवार से उत्तराखंड पुलिस के उप निरीक्षक पदों के लिए पुलिस लाइन में भर्ती एसएसपी नीलेश आनंद भरणे की अध्यक्षता में शुरु हुई। पहले दिन सामान्य जाति के एक से लेकर एक हजार पंजीकरण संख्या वाले अभ्यर्थियों की नापजोख होनी थी। इस दौरान करीब दो सौ अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जबकि आठ सौ अभ्यर्थियों में से करीब छह सौ अभ्यर्थियों ने नापजोख परीक्षा पास की। भर्ती प्रक्रिया के दौरान एसएसपी नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि नापजोख परीक्षा 14 नवंबर तक चलेगी। इसके बाद 17 नवंबर से 30 नवंबर तक नापजोख परीक्षा में पास हुए अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा होगी। इस मौके पर एएसपी टीडी वैला, सीओ राजीव मोहन, सीओ खटीमा जेआर जोशी, आरआई पुलिस लाइन बीएस रावत आदि थे।