किच्छा। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पुलभट्टा चौकी पर चेकिंग के दौरान यूपी से आ रहा पांच क्व़िटल मावा और पनीर बरामद किया है। बुधवार की रात्रि जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने नकली खाद्य पदार्थ पकड़ने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया। उन्होंने यूपी-उत्तराखंड की सीमा पुलभट्टे पर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान टीम ने लीडर रोड डिपो की रोडवेज बस संख्या यूपी70डीटी-0031 एवं रानीखेत डिपो की यूए 07 एम-6514 से लगभग पांच क्व़िटल मावा, 50 किलो पनीर और 50 किलो बिना ब्रांड की नमकीन बरामद की। टीम को पकड़े गए माल के साथ कोई व्यक्ति नहीं मिला। खाद्य विभाग ने बरामद माल को संदिग्ध मानते हुए उसके नमूने लेकर बाकी सामान को नष्ट कर दिया। देर सायं अल्मोड़ा निवासी नीरज वहां पहुंचें और वहां बरामद पौने दो क्व़िटल मावे को अपना बताया। अधिकारियों ने बताया कि नमूना लेने के बाद उन्हें मावा सौंप दिया गया। इस अभियान में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी किच्छा राजेश शर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी गदरपुर और बाजपुर मनोज सेमवाल आदि शामिल रहे।