रुद्रपुर। गरीबों के लिए बनी योजनाओं का लाभ फर्जी तरीके से उठाने वाले सावधान हो जाएं। बीपीएल पुनरीक्षण के तहत घर-घर जाकर सर्वे के दौरान अधिकांश बीपीएल अपात्र पाए जा रहे हैं। इन्हें बीपीएल सूची से हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इन दिनों बीपीएल पुनरीक्षण सूची के मिलान का कार्य किया जा रहा है। मंगलवार को डीएम डा. पंकज कुमार पांडेय की विकास कार्यों में तेजी लाने की हिदायत के बाद ब्लाक की टीम ने बुधवार को अवकाश के दिन भी गांवों में बीपीएल सर्वे किया। सर्वे में सूची में दर्ज गरीबों को जमीन, आवास, भोजन, कपड़े, जीविका के साधन, बच्चे आदि बिंदुओं पर अंक दिए जा रहे हैं। सर्वे में अधिकतम 52 अंक दिए जाने का प्रावधान है। 22 या इससे कम अंक अर्जित करने वालों का ही नाम बीपीएल सूची में रखा जाएगा। जबकि अन्य अपात्र घोषित किए जाएंगे। बुधवार को मटकोटा में 22 व भूरारानी में 16 परिवारों के सर्वे में कुछ को छोड़कर अधिकांश अपात्र पाए गए। कीरतपुर मेें 35 परिवारों में किए गए सर्वे में आधे से अधिक अपात्र की श्रेणी में हैं। इन सबके नाम सूची से हटाने की कार्रवाई की जा रही है। बीडीओ सुमन राणा ने बताया कि किसी भी हाल में फर्जी तरीके से योजनाओं का लाभ उठाने नहीं दिया जाएगा। इस मौके पर ग्राम विकास अधिकारी उमेश जोशी, पार्वती रजवार आदि मौजूद थे।