रुद्रपुर। मनरेगा योजना के तहत बनवाए जा रहे शौचालयों की जांच होगी। कागजों में दर्शाए जा रहे शौचालयों के अलावा पुराने बने शौचालयों में सब्सिडी देने का मामला उजागर होने पर भी संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी। मुख्य विकास अधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने शौचालयों की धरातलीय स्थिति की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। बता दें कि स्वजल परियोजना ने मनरेगा के तहत बनाए जा रहे शौचालयों की स्थिति के लिए एक सर्वे किया था। सर्वे के दौरान 25 फीसदी शौचालय हवा-हवाई पाए गए थे। मामले को प्रमुखता से उठाते हुए अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में ‘सब्सिडी के बंदरबांट की आशंका’ शीर्षक से इस संबंध में खबर प्रकाशित की थी। इसका संज्ञान लेते हुए सीडीओ धीराज सिंह गर्ब्याल ने जिला विकास अधिकारी को जांच के आदेश दिए हैं। उधर, सीडीओ गर्ब्याल ने बताया कि मनरेगा के तहत कागजी आंकड़े तैयार करने के अलावा पुराने शौचालयों में भी सब्सिडी देने की शिकायतें सामने आ रही हैं। धांधली की पुष्टि होने पर संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्वजल परियोजना की रिपोर्ट की भी जांच होगी।