रुद्रपुर। भदईपुरा क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी कक्षा 10 की छात्रा को बाइक सवार युवकों ने अगवा कर लिया। विरोध करने पर युवकों ने छात्रा के परिजनों से मारपीट कर तमंचा तान दिया। शोर शराबा सुनकर लोगों को एकत्र होता देख युवक छात्रा को बाइक में बैठाकर फरार हो गए। मामले की तहरीर पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। भदईपुरा वार्ड नंबर चार निवासी दिलीप सरकार ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा है कि उसकी पुत्री कक्षा 10 की छात्रा है। शुक्रवार की रात करीब 10 बजे दो युवकों ने उसकी पुत्री को आवाज दी। आवाज सुनकर जब उसकी पुत्री घर के बाहर पहुंची तो वे उसे जबरन बाइक में बैठाने लगे। पुत्री की चिल्लाने पर वह अपनी पत्नी के साथ बाहर पहुंचा तो बाइक सवार दोनों युवकों ने उनसे मारपीट कर दी। यहीं नहीं विरोध करने पर उन्होंने तमंचा तानते हुए जान से मारने की धमकी भी दे दी। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोगों को एकत्र होता देख दोनों युवक उसकी पुत्री को बाइक में बैठाकर फरार हो गए। इस पर बाइक सवारों का पीछा भी किया गया लेकिन वे आंखों से ओझल हो गए। दिलीप ने पुलिस से आरोपी युवकों के खिलाफ कार्रवाई कर पुत्री की बरामदगी की मांग की है। सीओ पंकज भट्ट ने बताया कि मामले की तहरीर पुलिस को मिल गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शीघ्र ही छात्रा को बरामद कर आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।