रुद्रपुर। पुलिस पर रोडवेज परिसर से पकड़े गए युवक को छोड़ने के एवज में 50 हजार रुपए की मांग करने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने कोतवाली में हंगामा काटा। साथ ही युवक के घर नहीं पहुंचने की बात कहते हुए परिजनों ने उसकी सुपुर्दगी करने की मांग उठाई। बाद में पुलिस ने बमुश्किल मामला शांत कर युवक को परिजनों के सुपुर्द किया। शुक्रवार की रात पुलिस रोडवेज परिसर में गश्त के दौरान युवक व युवती संदिग्ध हालत में घूमते पकड़ा। इस पर पुलिस कर्मी दोनों को पूछताछ के लिए कोतवाली ले आए। पुलिस पूछताछ में युवक ने अपना नाम श्रवण कुमार निवासी संत कबीरनगर गोरखपुर बताया। बताया कि उसका बगवाड़ा में कारखाना है और वहीं पर किराए के मकान में रहता है। साथ में आई युवती उसके परिचित की भतीजी है। रविवार को पुलिस ने युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया था। जबकि युवक का चालान कर उसके साथी लखविंदर के सुपुर्द कर दिया। इधर जब श्रवण घर नहीं पहुंचा तो उसके परिजन कोतवाली आ धमके और हंगामा काटने लगे। उनका कहना था कि सुबह एक युवक का उनके पास फोन आया था। बताया कि पुलिस श्रवण को छोड़ने के एवज में 50 हजार रुपए की मांग कर रही है। साथ ही पुलिस को मोबाइल पर की गई रिकॉडिंग भी सुनाई। आरोप था कि कई घंटे बीतने के बाद भी श्रवण घर नहीं पहुंचा। इस पर पुलिस ने बमुश्किल मामला शांत करते हुए लखविंदर व श्रवण को बुलवाकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।