सुल्तानपुर पट्टी। आर्टीजन से हमेशा पानी बहने से इसके पास बने पशु चिकित्सालय की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। टांडा बंजारा स्थित जल निगम के आर्टीजन से लगातार पानी बहता रहता है। यह पानी पास में बनी कॉलोनियों के खाली भूखंडों में भर गया है। इससे कूड़ा सड़ने लगा है। इसके चलते इन भूखंडों में गंदगी फैली है। पशु चिकित्सालय के कर्मचारी पूरन बिष्ट ने बताया कि हमेशा पानी बहने के कारण घरों की दीवारों में भी सीलन आ गई है। इसी से दीवार टूटी है। जल निगम के अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जल निगम के जेई कमल किशोर टम्टा ने बताया कि आर्टीजन से निकले पानी को पाइप से तालाब में डाला गया था, लेकिन कुछ वर्ष पहले नगर पंचायत ने सड़क निर्माण किया तो पाइपलाइन कई जगह से टूट गई थी। इससे सड़क पर पानी बहने लगा तो पानी बंद करना पड़ा। कहा कि बजट मिलने पर आर्टीजन का कनेक्शन पंप में जोड़ा जाएगा।