रूट डायवर्ट से यात्रियों को दिल्ली जाने में 50 किमी अतिरिक्त करना पड़ रहा सफर
संवाद न्यूज एजेंसी
काशीपुर। कांवड़ यात्रा के चलते परिवर्तित मार्गाें के कारण दिल्ली के यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। साथ ही गंतव्य तक पहुंचने में भी अधिक समय लग रहा है। काशीपुर से दिल्ली का सफर अब 80 रुपये महंगा हो गया है।
काशीपुर डिपो से चलने वाली दिल्ली रूट की बसों के मार्ग परिवर्तित किए गए हैं। कुछ बस काशीपुर से मुरादाबाद, संभल व बुलंदशहर व कुछ मेरठ होकर दिल्ली पहुंच रही हैं। जिस कारण काशीपुर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को लगभग 50 से 55 किलोमीटर अधिक सफर करना पड़ रहा है। यात्रियों को इस अतिरिक्त सफर के लिए उन्हें 80 रुपए अधिक देने पड़ रहे हैं। काशीपुर से दिल्ली तक का किराया 360 रुपए है जो अतिरिक्त किराया जोड़ने के बाद 440 रुपये हो जाता है। साथ ही गंतव्य तक पहुंचने में एक से दो घंटे का समय भी अधिक लग रहा है।
कोट
दिल्ली रूट पर जाने वाली बसों को कांवड़ यात्रा के कारण 50 किमी अधिक घूम कर जाना पड़ रहा है। जिस कारण किराया भी अधिक देना पड़ रहा है।
ओमकार सागर, कनिष्ठ डिपो प्रभारी।