पंतनगर। जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में सत्र 2024-25 के लिए स्नातक स्तरीय (यूजी) पाठ्यक्रमों और एमसीए की प्रवेश परीक्षा रविवार को आयोजित की गई। इसमें पंजीकृत कुल 9651 परीक्षार्थियों में से 7809 ने प्रवेश परीक्षा दी। यूजी की प्रवेश परीक्षा के लिए हल्द्वानी, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, ऋषिकेश, श्रीनगर (पौड़ी-गढ़वाल), देहरादून व पंतनगर में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे जबकि एमसीए की प्रवेश परीक्षा एकमात्र पंतनगर केंद्र पर हुई।
विवि के परीक्षा नियंत्रक डाॅ. राजीव सिंह ने बताया कि अल्मोड़ा के केंद्रों पर 384 में से 57 परीक्षार्थी, देहरादून में 2070 में से 481 परीक्षार्थी, काठगोदाम के केंद्र पर 500 में से 75 परीक्षार्थी, हल्द्वानी के केंद्रों पर 1220 में से 222 परीक्षार्थी, पिथौरागढ़ में 634 में से 89 और ऋषिकेश केंद्र पर 601 में से 167 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। श्रीनगर (पौड़ी-गढ़वाल) केंद्र पर 352 में से 66 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे जबकि पंतनगर विवि के परीक्षा केंद्रों पर 3890 परीक्षार्थियों में से 685 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह पंजीकृत कुल 9651 परीक्षार्थियों में से 7809 ने प्रवेश परीक्षा में भाग लिया। उन्होंने बताया कि एमसीए के लिए पंतनगर परीक्षा केंद्र पर 117 में से 21 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार 96 परीक्षार्थियों ने एमसीए की प्रवेश परीक्षा में भाग लिया। विवि परिसर में भीड़ को देखते हुए परीक्षार्थियों के अभिभावकों के लिए गांधी हाॅल में बैठने की व्यवस्था की गई थी। प्रवेश परीक्षा का आयोजन विवि के कुलपति डाॅ. मनमोहन सिंह चौहान के नेतृत्व में हुआ। उन्होंने बताया कि विवि की ओर से आठ जून को मास्टर्स पाठ्यक्रमों के विभिन्न विषयों के लिए परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की जा चुकी है।