बाजपुर एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन करते किसान। संवाद
बाजपुर। बीस गांव की 5838 एकड़ भूमि का निस्तारण करने सहित चार सूत्री मांगों को लेकर किसानों ने एसडीएम दफ्तर पर प्रदर्शन कर सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा। किसानों ने कहा कि भूमि प्रकरण को लेकर किसानों के आंदोलन को 10 माह पूरे हो चुके है लेकिन सरकार की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
मंगलवार को भाकियू प्रदेशाध्यक्ष करम सिंह पड्डा की अगुवाई में किसान एकत्र होकर जुलूस की शक्ल में एसडीएम दफ्तर पहुंचे। इस दौरान किसानों ने प्रदर्शन कर सीएम को संबोधित चार सूत्री ज्ञापन एसडीएम कार्यालय में सौंपा। ज्ञापन में पंजाब, हरियाणा की तर्ज पर देहरादून, ऊधमसिंहनगर व हरिद्वार के किसानों के नलकूप बिल माफ करने और पंजाब की तर्ज पर किसानों को कृषि उपकरण निशुल्क उपलब्ध कराने की मांग की है। कहा कि भूमि आंदोलन को 10 माह पूरे हो चुके है। किसानों का आक्रोश बढ़ रहा है। सरकार को जल्द ही भूमि समस्या का निराकरण करना चाहिए। वहां भाकियू उग्रराहां के प्रदेश अध्यक्ष बल्ली सिंह चीमा, जगतार सिंह बाजवा, रजनीत सिंह सोनू, दलजीत सिंह रंधावा, विक्की रंधावा, पाल सिंह, प्रताप सिंह संधू, मनिंदर सिंह आदि थे।