बाजपुर में एसडीएम विवेक प्रकाश ने पूर्ति, राजस्व और गैस अधिकारियों की टीम के साथ नगर के होटलों में छापेमारी कर 11 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। एसडीएम विवेक प्रकाश और जिला पूर्ति अधिकारी श्याम लाल आर्य की संयुक्त टीम ने शुक्रवार शाम नगर के रुहेला मिष्ठान भंडार, बीकानेर, हरियाणा और एक फास्ट फूड ठेले पर औचक छापेमारी की। छापेमारी से होटल और अन्य प्रतिष्ठान स्वामियों में खलबली मच गई। कई होटल स्वामियों ने घरेलू सिलेंडरों को हटा दिया। इस दौरान होटलों पर व्यवसायिक के स्थान पर 11 घरेलू गैस सिलेंडर प्रयोग करते पकड़े गए। टीम ने सिलेंडरों को जब्त कर लिया। समाचार लिखे जाने तक आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज नहीं हुआ था। टीम में तहसीलदार केपी सिंह, गैस प्रबंधक गोविंद मेहता, पूर्ति निरीक्षक एचसी जोशी सहित पुलिस कर्मी मौजूद थे।