आदर्श कालोनी निवासी राजमिस्त्री के घर से चोरों ने 60 हजार रुपये की नगदी समेत करीब छह तोले सोने के जेवरात उड़ा लिए।
पुलिस के मुताबिक आदर्श कालोनी निवासी बचन खान राजमिस्त्री का काम करता है। शनिवार रात परिवार के सभी सदस्य सोए हुए थे। इसी बीच छत के रास्ते चोर घर में घुस आए और नगदी समेत लाखों के जेवरात पार कर लिए। सुबह जब बचन खान और उसकी पत्नी नूरजहां की नींद खुुली तो सारा सामान बिखरा हुआ था। घर के बाहर आने पर देखा तो तीन बैग छत पर पड़े हुए थे। उन्होंने चोरी की सूचना आदर्श कालोनी चौकी पुलिस को दी। चौकी इंचार्ज विनोद सिंह फर्त्याल पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। बचन खान और उसकी पत्नी ने बताया कि ईद पर उनकी बड़ी पुत्री रानी आई हुई है। चोर उसके बैग से छह तोले सोने के जेवर समेत करीब 20 हजार रुपये की नगदी उड़ा ले गए हैं। जबकि दूसरे बैग में रखे करीब 40 हजार रुपये भी चोरी हो गए। उन्होंने पुलिस केे तहरीर सौंपी हैं।