बाजपुर में डेयरी में गर्म दूध से भरे भगौने में गिरकर एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
गांव बाजपुर निवासी लईक उर्फ बाबा (30) नगर के मोहल्ला संजय कॉलोनी स्थित एक डेयरी में काम करता था। लईक मूक बधिर था। शुक्रवार देर शाम को बड़े भगोने में दूध गर्म करते समय वह अचानक उसमें गिर गया। आनन-फानन में उसे सीएचसी लाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उसे हल्द्वानी के सुशीला तिवारी रेफर कर दिया। डाक्टरों के अनुसार लईक करीब 75 फीसदी झुलस गया था। इलाज के दौरान लईक ने दम तोड़ दिया। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पूर्व बीडीसी सदस्य मुनव्वर अली ने बताया कि शनिवार देर शाम को पोस्टमार्टम के बाद उसे सुपुर्दे खाक कर दिया गया। मृतक की छह साल बेटी है, जबकि पत्नी उसे 3-4 वर्ष पहले छोड़कर चली गई थी। डेयरी मालिक मेंहदी हसन ने मृतक की पुत्री के लिए आर्थिक मदद करने का भरोसा दिया है।