जसपुर में ऑपरेशन 555 पतरामपुर बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। बाराबंकी मध्य कमान से आई सेना की काउंटर एक्सप्लोसिव डिवाइस यूनिट (सीईयूडी) ने 78 बड़े मोर्टार शेल 12 धमाकों के साथ नष्ट किए। टीम के सदस्य अब तक 383 छोटे-बड़े मोर्टार शेल नष्ट कर चुके हैं। अभी 172 छोटे-बड़े मोर्टार शेल नष्ट होने बाकी है। उधर, पतरामपुर चौकी के पीछे जमीन खोदकर दबी जिंदा मोर्टार सेल (मिसाइलों) को ऑपरेशन स्थल फीका नदी तक ले जाने का सिलसिला अब भी जारी है। कैप्टन विकास मलिक के मुताबिक शेष मोर्टार सेलों को नष्ट कर शीघ्र मिशन समाप्त किया जाएगा।