फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udham Singh Nagar News: 2600 परिवारों को मिला नजूल भूमि पर मालिकाना हक

Thu, 07 Mar 2024 01:19 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊधम सिंह नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नजूल भूमि पर काबिज 2600 लाभार्थियों को नजूल भूमि पट्टे और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 403 परिवारों को आवास आवंटन पत्र दिए। उन्होंने कहा कि नजूल भूमि पर मालिकाना हक देने के लिए पहले की सरकारों ने कुछ नहीं किया। सामान्य परिवार से होने की वजह से उन्होंने यहां की गरीबी, परेशानियों को नजदीक से देखा है। रोटी, कपड़ा, मकान के लिए पूरा जीवन गुजर जाता है। ऐसे में पट्टाधारकों के लिए अब उनका सपना पूरा होने जा रहा है। उन्होंने जिले में 56704.93 लाख के 222 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
विज्ञापन

बुधवार को गांधी पार्क में रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार मालिकाना हक के पट्टे मिल रहे हैं। इसके लिए आमजन, जनप्रतिनिधियों ने लगातार आवाज उठाई और आपकी सरकार ने भी पूरी मेहनत की है। जब उच्च न्यायालय ने नजूल नीति को खारिज कर दिया था और भूमि खाली करने के आदेश दिए थे तो सरकार ने इस मामले को सुप्रीम कोर्ट में रखकर सबके हक की लड़ाई लड़ी और जीत मिली। विधानसभा में नजूल नीति 2021 लाकर इसे लागू कर दिया। नजूल के कब्जेदारों को मालिकाना हक देने के लिए नगर निगम व जिला प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी घर-घर गए, ताकि लोगों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। जल्द ही बचे लोगों को भी पट्टे दिए जाएंगे।

मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
सीएम धामी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में पीएम मोदी की प्रेरणा से जनसेवा की भावना के अनुरूप काम किया जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की उज्ज्वना गैस, आयुष्मान, प्रधानमंत्री आवास योजना भी गिनाईं। रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट ने लाभार्थियों को बधाई दी। कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए डबल इंजन गरीबों के उत्थान के लिए कार्य कर रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल व संचालन हरीश दनाई व संजीव बुधोरी ने किया।
विज्ञापन


सीएम बोले, प्रभावित दुकानदारों का होगा पुर्नवास

रुद्रपुर। सीएम ने कहा कि जी 20 सम्मेलन के दौरान नेशनल हाइवे चौड़ीकरण में दुकानें हटाई थीं। इससे प्रभावित दुकानदार और परिवारों का पुनर्वास किया जाएगा। इसके लिए डीएम को निर्देश दिए हैं। वेंडिंग जोन के प्रभावितों को भी अन्य जगहों पर समायोजित किया जाएगा। वेंडिंग जोन में करीब 300 से अधिक दुकानें और फड़ बनाए जाएंगे। औद्योगिक नगरी होने से रुद्रपुर बहुत बड़े केंद्र के रूप में विकसित होगा।

मंच पर दिए गए नजूल भूमि के फ्रीहोल्ड प्रमाण पत्र के लाभार्थी
:- शिवनगर मोहल्ला निवासी परमजीत कौर, रिंकू सिंह, सूरज पाल, आंचल वर्मा, शिवानी।
:- पहाड़गंज निवासी विक्की सिंह, राजेंद्र पाल, गौरव सिंह, जय प्रकाश, सूरज सिंह बिष्ट, अरविंद कुमार।
:- दरियानगर निवासी मोनिका मैसी, फूलमती, भगत सिंह अधिकारी, मनमोहन शर्मा।
:- भूतबंगला निवासी ओमवती, परवीन जहाँ, मीना, शकील अहमद एवं राजेन्द्र।


विधानसभाओं के विकास कार्यों का लोकापर्ण, शिलान्यास
जसपुर- 1411.04 लाख
काशीपुर-7498.97 लाख
बाजपुर- 3077.88 लाख
गदरपुर- 2532.03 लाख
रुद्रपुर- 20296.92 लाख
किच्छा-3404.52 लाख
सितारगंज-6866.68 लाख
नानकमत्ता- 5558.49 लाख
खटीमा-6058.40 लाख
(कुल लागत-56704.93 लाख रुपये एवं कुल विकास कार्य-222)

चार लोगों को दिए 50-50 हजार के चेक
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री धामी ने नगर निगम की ओर से प्रधानमंत्री फेरी फड़ व्यवसायी आत्मनिर्भर निधि योजना के तहत चयनित रिशपाल कौर, पुष्पा विश्वास, चांदमुनी और रेखा को 50-50 हजार रुपये चेक दिए। उन्होंने नगर निगम रुद्रपुर में स्वच्छ भारत मिशन 2.0 की नामित ब्रांड एंबेसडर नीलम कोहली को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंडी ऐपण कला को देश-विदेश में विख्यात करने के लिए दीपा मटेला, सिलाई एवं फैशन डिजाइन के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य पर पूनम, डोना पत्तल उद्योग स्थापित कर महिलाओं को रोजगार देने वाली कनकलता को डोना पत्तल का लघु उद्योग स्थापित कर महिलाओं को रोजगार देने पर सम्मानित किया।


विवेक और मेघना से मंच पर किया संवाद
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नजूल भूमि के फ्री होल्ड के लाभार्थी रविंद्रनगर निवासी विवेक तिवारी एवं शिवनगर की महिला मेघना से संवाद किया। सीएम ने सवाल किया फ्रीहोल्ड का लाभ लेने में कोई दिक्कत तो नहीं आई, ये सुनते ही विवेक बोले कि सीएम साहब हम इस योजना के लिए न तो दफ्तर गए और न ही एक रुपये का खर्च आया। मेघना ने भी सीएम का आभार जताया। कहा कि सोचा न था कि ऐसा हो जाएगा, हम सब सीएम साहब आपके ऋणी रहेंगे। मुख्यमंत्री ने स्वीप कार्यक्रम के तहत वोट प्रतिज्ञा सह हस्ताक्षर अभियान की दस्तखत कर शुरूआत की।

मोदी के प्रयासों से विकास के पथ पर बढ़ रहा उत्तराखंड
रुद्रपुर। सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड से पीएम नरेंद्र मोदी को विशेष लगाव है। देवभूमि की संस्कृति व महादेवों के अटूट प्रेम है। सौ एकड़ जमीन पर एम्स बन रहा है। 800 एकड़ से अधिक भूमि पर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनने जा रहा है। रामपुर-काठगोदाम हाइवे को लेकर केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मिले। रामपुर-मुरादाबाद हाइवे 6लेन बनेगा। सड़क, शिक्षण संस्थान, स्वास्थ्य व देव स्थान सभी केंद्र सरकार की प्राथमिकता में है। नजूल भूमि के अध्यादेश को केंद्र सरकार ने देरी किए बगैर मंजूरी दी।


विश्व में सर्वाधिक लोकप्रिय नेता मोदी
सीएम धामी ने कहा कि विश्व में सर्वाधिक लोकप्रिय नेताओं में सबसे अधिक रेटिंग मोदी की है। लगातार 18 घंटे नहीं, वे 48 घंटे भी काम से पीछे नहीं हटते। केंद्रीय संसदीय बोर्ड में भाग लेने गए तो रात को 11 बजे से बैठक ली तो सुबह पांच बजे तक चली। लगा कि अब शायद उनका कोई कार्यक्रम नहीं होगा। लेकिन छह बजे से फिर कार्यक्रम थे और सुबह 9:30 बजे से झारखंड में रैली का कार्यक्रम है। भारत को आगे बढ़ाने में अपना जीवन लगा दिया है। उन्हीं से प्रेरणा लेकर उत्तराखंड के विकास को आगे बढ़ा रहे हैं।

सिखों और मुस्लिम बहनों ने किया स्वागत
रुद्रपुर। समान नागरिक संहिता कानून के लिए मुस्लिम बहनों और और लालकुआं से अमृतसर तक रेल सेवा शुरू होने पर सिख समाज के लोगों ने सीएम पुष्कर सिंह धामी एवं रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट का स्वागत कर आभार जताया। सीएम ने कहा कि रूढि़वादी सोच, हलाला जैसी कुरीतियों का महिलाओं को सामना करना पड़ता था। जिस तरह मां गंगा यहां से निकलकर पूरे देश को सिंचित करने का काम करती है, उसी तरह यहां से यूसीसी पूरे देश के लिए उदाहरण बन गया।
देवभूमि में यूसीसी कानून लागू करने के लिए राष्ट्रपति को भेजा गया है। प्रदेश के अन्य राज्यों से भी इस कानून को लागू करने की अपेक्षा करते हैं। सीएम ने बताया कि जबरन धर्मांतरण के खिलाफ कानून बनाया है। इसमें कठोर सजा व डीएम की अनुमति का प्रावधान किया है। नकल रोकने के लिए अध्यादेश लाए। सौ से अधिक नकल के अपराधियों को जेल के पीछे भेजा है। इससे युवाओं को अब आसानी से परीक्षा पास कर नौकरियां मिल रही हैं। लैंड जिहाद को जड़ समाप्त कर रहे हैं। देवभूमि के मूलस्वरूप को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।

दंगाई के लिए बनाया सख्त कानून
रुद्रपुर। सीएम धामी ने मंच से बनभूलपुरा दंगे का भी जिक्र किया। कहा कि इस दंगे में पुलिस के जवान व महिला पुलिस बहनों, पत्रकारों पर हमला किया गया था। ऐसे दंगाइयों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का निर्णय लिया। दंगे में संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से भरपाई कराने का अध्यादेश लाकर कानून बना दिया है। अब जो भी ऐसा करेगा तो उन्हीं से भरपाई की जाएगी।

सीएम ने पुलिस लाइन में सुना पीएम का वर्चुअल संबोधन
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून से हैलीकॉप्टर में सुबह 11 बजे पुलिस लाइन के हैलीपेड पर पहुंचे। यहां भाजपाइयों व अधिकारियों ने सीएम का बुके देकर स्वागत किया। इसके बाद सीएम पुलिस लाइन के ऑडीटोरियम में पहुंचे। यहां सीएम ने शक्ति वंदन अभियान के समापन पर प्रधानमंत्री के वर्चुअल संवाद कार्यक्रम को महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं संग जमीन में बैठकर हिस्सा लिया।

ये रहे कार्यक्रम में मौजूद
विधायक अरविंद पांडे, मंडी परिषद के अध्यक्ष अनिल कपूर (डब्बू), उत्तम दत्ता, काशीपुर जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, निवर्तमान मेयर रामपाल सिंह, अल्पसंख्यक आयोग का कार्यवाहक अध्यक्ष इकबाल सिंह, भाजपा प्रदेश मंत्री विकास शर्मा, लोकसभा संयोजक विवेक सक्सेना, सुरेश परिहार, भारत भूषण चुघ, अनिल चौहान, कमिश्नर दीपक रावत, डीआईजी योगेंद्र रावत, डीएम उदयराज सिंह, एसएसपी मंजूनाथ टीसी।
विज्ञापन



विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें