जसपुर में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पांच लोगों पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है।
मो. वसीम निवासी ग्राम मऊ थाना हरथला जिला मुरादाबाद उत्तर प्रदेश हाल निवासी मोहल्ला छीपियान का निकाह वर्ष 2007 में राशिदा से हुआ था। निकाह के बाद से ही वसीम की पत्नी छोटी-छोटी बातों को लेकर झगड़ा करती थी। उसने अपने सास-ससुर को खाना व सम्मान नहीं दिया। आरोप है कि इस दौरान मालूम हुआ कि उसकी पत्नी बदचलन हैै। उसके मना करने पर अपने भाइयों से धमकियां दिलवाती थी। इस बीच उसकी पत्नी अपने मायके चली गई यहां उसने अपने भाईयों को उल्टी सीधी बातें बताकर कर उसके खिलाफ भड़काया। 30 जून 2018 को उसे ससुराल बुलाकर उसके सालों ने उससे मारपीट कर उसे बंधक बना लिया। बमुश्किल जहां से उसे उसके पिता ने छुड़वाया। आरोप है कि तीन सितंबर 2018 को पीड़ित मदरसे में बच्चों को पढ़ा रहा था कि इतने में दो साले राशिद, साबिर, ससुर रियासत हुसैन, चचेरा साला साजिद निवासीगण नया गांव लाइनपार थाना मुरादाबाद आ गए। सभी लोग गालियां देते हुए और दबंगाई दिखाते हुए मदरसे से उसे बाहर खींच लाए और पीटने लगे। किसी धारदार हथियार से वार कर दिया। कोतवाल अबुल कलाम ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।