खटीमा के नागरिक अस्पताल में बनाए कोरोना वायरस स्क्रीनिंग केंद्र में अन्य शहरों से आए लोगों की स्क्रीनिंग करती स्वास्थ्य टीम।
- फोटो : AMAR UJALA
खटीमा। देश के कोरोना वायरस संक्रमण के हॉट स्पॉट नगरों व क्षेत्रों से आ रहे प्रवासी व नौकरीपेशा लोगों के स्वास्थ्य जांच को लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीमें अलर्ट मोड पर हैं। सोमवार को 19 लोगों को क्वारंटीन वार्ड में भर्ती व 12 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया।
बता दें कि क्षेत्र में अभी भी देश के कोरोना वायरस हाट स्पॉट बने क्षेत्रों से लोग आ रहे हैं। नागरिक अस्पताल के नोडल अधिकारी डॉ.वीपी सिंह ने बताया कि वर्तमान में आइसोलेट छह लोगों के स्वास्थ्य पर निगाह रखी जा रही है, जबकि सोमवार को दिल्ली, आगरा, गुरुग्राम आदि से आए 11 लोगों को लायन्स स्कूल जांच केंद्र से क्वारंटीन वार्ड में भर्ती कराया। नागरिक अस्पताल के जांच केंद्र में डॉ.शैलजा त्रिपाठी, दीक्षा कोहली ने 22 लोगों की स्क्रीनिंग कर 8 लोगों को जनजाति छात्रावास नदन्ना क्वारंटीन वार्ड में भर्ती कराया गया। बताया कि अभी कुछ सैंपल की जांच रिपोर्ट आना शेष है।