सुल्तानपुर पट्टी के रामजीवनपुर के ग्रामीणों ने गंदे पानी से निजात दिलाने को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने नाला और सड़कें बनाने की मांग की।
बृहस्पतिवार को ग्राम वासियों ने सड़क पर भरे गंदे पानी में खड़े होकर ग्राम प्रधान और जिला पंचायत सदस्य के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि जिला परिषद की ओर से जो नाला बनाया गया है, वह गांव की सड़कों और नालियों के स्तर से ऊंचा बना हुआ है, जिसकी वजह से घरों और शौचालय का गंदा पानी नालियों में आता है लेकिन नाला ऊंचा होने के कारण नालियों का गंदा पानी नाले में नहीं जा पाता है। इससे गंदा पानी नालियों से निकलकर सड़क पर भर जाता है। पूर्व उप ग्राम प्रधान बाबूराम तोमर ने कहा कि गांव से सरकारा को जाने वाली सड़क पर नाली निर्माण के वक्त ग्रामीणों ने पानी की निकासी के लिए ठेकेदार और ग्राम प्रधान पति से कई बार कहा लेकिन किसी ने नहीं सुना। अब स्थिति यह है की हर समय सड़क जलमग्न रहती है। इससे निकालने वालों को दिक्कतें हो रही हैं। वहां रूप किशोर, भूरी, क्रांति, ओमवती, सोमवती, किशोरी, राजवती, चंपावती, लाखन, विजयपाल, राकेश, गंगाराम, सुरेश, शिवकुमार चंद्रा, रामप्रसाद, राधा आदि थे। ब्यूरो