जसपुर में किराना व्यापारी को ढाई लाख रुपये लौटाकर ठेकेदार ने इमानदारी की मिसाल कायम की है। मोहल्ला जटावारा निवासी मो. अजीम की लकड़ी मंडी मार्ग पर किराना की दुकान है। मंगलवार को वह बैंक में पैसा जमा करने के लिए घर से ढाई लाख रुपये लेकर निकले थे। अचानक रास्ते में पैसों से भरा बैग गिर गया। इस बात की जानकारी उन्हें तब मिली जब वह बैंक में पहुंच गए। इससे उनके होश उड़ गए। आनन-फानन बैंक से घर के रास्ते तक बैग तलाश किया लेकिन उन्हे पैसे नहीं मिले। नगर में यह खबर आग की तरह फैल गई। बुधवार की रात पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि हाजी जाहिद हुसैन व कांग्रेस नेता मो.आरिफ के साथ मोहल्ला पट्टी चौहानान निवासी ठेकेदार मो. अली हुसैन किराना व्यापारी के घर पहुंचे। यहां उन्होंने पैसों से भरा बैग किराना व्यापारी के सुपुर्द करते हुए बताया कि उन्हें ये बैग लकड़ी मंडी से घर लौटते समय रास्ते में मिला था। उन्हे बैग के मालिक की तलाश थी। ठेकेदार की इस ईमानदारी की सभी ने सराहना की। वहां नाजिम लारा, तौसीफ, सलीम चैधरी, मेहरूद्दीन, शहजाद, अफसर आदि थे।