शक्तिफार्म। साथियों के साथ नदी में नहाने गए छात्र की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
राजनगर निवासी देव बढ़ई (13) पुत्र दीपक गांव के ही स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ता था। सोमवार सुबह करीब नौ बजे देव अपने तीन अन्य साथियों के साथ घर से करीब एक किमी दूर बैगुल नदी में नहाने गया था। पहाड़ों पर हो रही बारिश के कारण इस समय बैगुल नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। नहाने के दौरान देव गहरे पानी में चला गया और वह डूबने लगा। यह देख उसके तीनों साथियों ने शोर मचाया। पास में काम कर रहे कुछ ग्रामीण बच्चों की ओर भागे। ग्रामीणों ने पानी में डूबे देव को मशक्कत के बाद देव को अचेत हालत में बाहर निकाला। बच्चे को ई-रिक्शा के जरिये प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां डॉक्टर ने देव को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद भी ग्रामीण देव को लेकर नगर के एक निजी चिकित्सालय पहुंचे। वहां भी डॉक्टर की ओर से बालक को मृत घोषित करने पर ग्रामीण शव को घर ले गए। मृतक छात्र का एक छोटा भाई तीन साल का राज है। बेटे की मौत से पिता दीपक बढ़ई और मां विनीता का रो रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी संजीत कुमार यादव ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।