काशीपुर। सर्दी का सीजन शुरू होते ही गर्म कपड़े, शॉल और ड्राई फ्रूट बेचने कश्मीरी लोग काशीपुर तथा रामनगर आदि क्षेत्रों में आते हैं, लेकिन देशभर में कोरोना वायरस संक्रमण रोकथाम के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा 23 मार्च से 21 दिन के लॉकडाउन की घोषणा की थी। जिसके चलते 17 कश्मीरी यहां फंस गए थे। एक माह पूर्व एएसपी कार्यालय पहुंचें कश्मीरियों ने अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार भट्ट से अपने घर वापसी की गुहार लगाई थी। तब लॉकडाउन का हवाला देते हुए एएसपी भट्ट ने उन्हें अपनी जगह बने रहने के निर्देश दिये थे। एएसपी ने सभी को कच्चा राशन उपलब्ध करवाया था। केंद्र सरकार द्वारा फंसे लोगों को उनके घर पहुंचाने के निर्देश मिलने पर काशीपुर में रह रहे 13 कश्मीरियों के पास बनाकर निजी बस से कश्मीर के लिये रवाना किया गया। एएसपी राजेश भट्ट ने बताया कि चार कश्मीरी मोहल्ला अल्ली खां मे रहते है। उनके परिवार में एक महिला की डिलीवरी होने के कारण वह वापस नही जा सके। वापस लौट रहे कश्मीरी मुश्ताक अहमद ने बताया कि रोजगार न होने की वजह से उनके समक्ष भुखमरी की स्थिति हो गई थी। उन्होंने घर वापसी में सहयोग करने के लिये पुलिस प्रशासन का आभार जताया है।