रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर के सीमांत क्षेत्र खटीमा में शुक्रवार को 12 वर्षीय बालक में कोरोना की पुष्टि हुई। कोरोना संक्रमित बालक कुछ दिन पहले अपने परिवार के चार सदस्यों के साथ महाराष्ट्र से लौटा था। तीन अन्य लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। सभी को खटीमा के नागरिक अस्पताल में आइसोलेट किया गया है। यह परिवार खटीमा के लोहियाहेड व सूखापुल गांव से सटे गोसिकुआं गांव में रहता है। जिले में अब कोरोना पॉजिटिव केसों की कुल संख्या 85 पहुंच गई है। बता दें कि पिछले एक सप्ताह में खटीमा में कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या तेजी से बड़ी है। इसकी बड़ी वजह यहां के बेरोजगार लोगों के नौकरी के लिए दिल्ली, मुम्बई और गुजरात जैसे बड़े शहरों को जाना बताया जा रहा है। सीएमओ डॉ शैलजा भट्ट ने कहा कि कोरोना पॉजिटिव को डेडिकेटेड सेंटर में शिफ्ट किया जा रहा है।