त्रिवेणी एक्सप्रेस के स्टॉपेज की मांग को दिया धरना
आठ सूत्री ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक के माध्यम से रेलमंत्री को भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
खटीमा। नगर के अनेक संगठनों से जुड़े लोगों ने खटीमा रेलवे स्टेशन में प्रस्तावित त्रिवेणी एक्सप्रेस के स्टॉपेज बनाने समेत आठ सूत्री मांगों को लेकर धरना दिया। उन्होंने स्टेशन अधीक्षक के माध्यम से रेल मंत्री को ज्ञापन भी भेजा। इस बीच विधायक पुष्कर धामी ने स्टेशन पहुंचकर आंदोलनकारियों से वार्ता की और डीआरएम, इज्जतनगर से फोन पर वार्ता भी की। बुधवार को अनमोल अग्रवाल, राजेश राणा, मनोज वाधवा, पूर्व विधायक गोपाल सिंह राना, तरुण ठाकुर समेत कई लोगों ने रेलवे स्टेशन पर कहा कि खटीमा सीमांत क्षेत्र का प्रमुख रेलवे स्टेशन है। यहां पर कई समस्याएं हैं, इनका निराकरण होना जरूरी है। उन्होंने त्रिवेणी एक्सप्रेस का स्टॉपेज बनाने, टनकपुर से बरेली-कासगंज होकर मथुरा तक नई एक्सप्रेस रेल, खटीमा-मेलाघाट मार्ग के क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर समेत आठ सूत्री मांगपत्र स्टेशन अधीक्षक के. लाल को सौंपा। इधर, विधायक धामी ने बताया कि 15 फरवरी को रेलवे के अधिकारी खटीमा आ रहे हैं जिनके समक्ष यह मामला रखा जाएगा। वहां पर हिमांशु अग्रवाल, अरुण सक्सेना, भुवन कापड़ी, राजू जुनेजा, ठाकुर महेंद्र सिंह, अजय सिंह, कमला सिंह, सुरेंद्र सिंह, अंबुज कुमार चौहान, अनिल गुप्ता, राजेश गुप्ता आदि थे।
फोटो-13केटीएम01पी।