खटीमा। अपर सेशन न्यायाधीश मंजू सिंह मुंडे ने ह्यूमन ट्रैफिकिंग मामले में तीन महिला समेत आठ लोगों को दस साल के कारावास की सजा सुनाई है। सभी दोषियों को 15-15 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है।
चंपावत बनबसा की मानव तस्करी रोधक दल में तत्कालीन महिला उपनिरीक्षक मंजू पांडेय ने कोतवाली में 27 अगस्त 2019 को तीन महिला समेत आठ लोगों पर दो किशोरियों के अवैध व्यापार के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने धारा 366, 370 (3), 420, 511, 120 (ख) के तहत केस दर्ज किया। मामला अपर सेशन न्यायाधीश की अदालत में पहुंचा, जिसमें पुलिस ने 23 नवंबर 2019 को न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिए।
सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता सौरभ ओझा ने नौ गवाहों को न्यायालय पेश किया। दोनाें पक्षोें की दलीलें सुनने के बाद न्यायाधीश मंजू सिंह मुंडे ने 19 अक्टूबर 2023 को दोषसिद्ध करते हुए फैसला सुरक्षित रख लिया था।
शुक्रवार को न्यायाधीश ने पीलीभीत न्यूरिया ग्राम धनकुना कैमा निवासी रेशमा देवी उर्फ सुनीता, नानकमत्ता ग्राम ध्यानपुर निवासी परमजीत सिंह व रंजीत सिंह, नानकमत्ता ग्राम कैथुलिया निवासी परमजीत कौर, बरुआबाग खटीमा की सुरेंद्र कौर उर्फ मंजीत कौर उर्फ सरदारनी, नानकमत्ता प्रतापपुर निवासी कश्मीर सिंह, नानकमत्ता बरकी डांडी निवासी जसविंदर सिंह और पीलीभीत (यूपी) के ग्राम कैम निवासी मोना उर्फ मदन को धारा 370 (3), 366, 420, 120 ( ख) और सपठित धारा 34 में दोषी पाते हुए सजा सुनाई और अर्थदंड से दंडित किया है। संवाद