रुद्रपुर में सोमवार को आइसोलेशन से डिस्चार्ज होते लोग।
- फोटो : AMAR UJALA
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के लोगों के लिए सोमवार को एक और राहत भरी खबर आई। जिले के 10 और कोरोना पॉजिटिव ठीक हो गए हैं। स्वस्थ्य हुए लोगों को डॉक्टरों की टीम ने आइसोलेशन वार्ड से डिस्चार्ज कर दिया। सभी को घर पर सख्ती के साथ होम क्वारंटीन के निर्देश दिए गए हैं। स्वस्थ्य हुए इन लोगों में से चार खटीमा, दो बाजपुर, एक पत्थरचट्टा और तीन पिथौरागढ़ जिले के हैं। जिले में अब तक 44 कोरोना पॉजिटिव लोग ठीक हो चुके हैं। महाराष्ट्र से लौटे सभी दस लोगों को 10 दिन पहले आइसोलेट किया था। इनमें से नौ लोगों को जिंजर होटल स्थित केविड केयर सेंटर और एक व्यक्ति को जिला अस्पताल स्थित डेडिकेटेड सेंटर में आइसोलेट किया गया था। सोमवार को इन सभी के स्वस्थ्य होने पर आइसोलेशन से डिस्चार्ज किया गया। साथ ही डॉक्टरों की टीम ने इन लोगों को घर पर सख्ती के साथ होम क्वारंटीन होने के निर्देश दिए। प्रमुख अधीक्षक डॉ. टीडी रखोलिया और आइसोलेशन प्रभारी डॉ. गौरव अग्रवाल ने कहा कि जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की रिकवरी दर में लगातार सुधार हो रहा है। रुद्रपुर के साथ ही हल्द्वानी में आइसोलेट किए गए जिले के लोग लगातार स्वस्थ्य हो रहे हैं। मालूम हो कि जिले में अब तक 95 लोगों में कोरोना पुष्टि हुई है। इनमें 44 लोगो के ठीक होने के बाद रिकवरी दर करीब 41 प्रतिशत हो गई है जबकि शुरुआत में ऊधमसिंह नगर जिले की कोरोना पॉजिटिव केसों की रिकवरी दर उत्तराखंड के जिलों में सबसे कम थी।