प्रतापनगर के रौणद रमोली और उपली रमोली पट्टी के एक गांवों में इन दिनों जंगली सुअर परेशानी का सबब बने हुए हैं। फसल चौपट करने के लिए झुंड में आ रहे सुअरों से ग्रामीण भयभीत हैं। सुअरों के डर से काश्तकारों ने खेतों में जाना छोड़ दिया है। शाम 7-8 बजते ही 50- 60 के झुंड में खेतों में पहुंच रहे सुअर फसल बर्बाद कर दे रहे हैं। रावतगांव, बिजपुर, कंडियालगांव, भदूरा पट्टी के सौड़, कुडी, लिखवारगांव, खिट्टा, आबकी गांवों में धान, मंडुवा की फसल को सुअरों ने बर्बाद कर दिया है। बीडीसी सदस्य संगीता देवी, प्रधान किरन बिष्ट, मोहन लाल शाह ने वन विभाग से सुअरों से निजात दिलाने की मांग की है। इन गांवों में 500 से अधिक परिवार कृषि कार्य से जुड़े हुए हैं। अधिकांश परिवार खेती से अपनी आजीविका चलाते हैं, लेकिन जंगली जानवर खेती को बर्बाद कर रहे हैं। नुकसान का सर्वे कर फसलों का मुआवजा देने की मांग की है। संवाद