घनसाली (टिहरी)। भिलंगना ब्लॉक के भिगुन गांव के सेमवाल मोहल्ले में लगातार हो रहे भूस्खलन और भू-कटाव से करीब 20 परिवारों में दहशत है। जाखणा-गेंवाली-विनकखाल मोटर मार्ग के ऊपर और आसपास हो रहे कटाव से आवासीय भवनों पर खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर विस्थापित करने की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले वर्ष आपदा के बाद से सेमवाल मोहल्ले में भूस्खलन की समस्या लगातार बनी हुई है। पूर्व प्रधान नंद लाल सेमवाल, योगेंद्र सेमवाल, रविंद्र सेमवाल, राम प्रसाद, सचिन और महावीर सेमवाल ने बताया कि बासर नहर और लोनिवि की सड़क के कारण भू-कटाव बढ़ रहा है। भूस्खलन का मलबा बालगंगा नदी में गिर रहा है जिससे नदी किनारे स्थित परिसंपत्तियों को भी खतरा पैदा हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि मोहल्ले से करीब 500 मीटर ऊपर बासर नहर और 300 मीटर नीचे दूसरी सिंचाई नहर व गेंवाली-विनकखाल मोटर मार्ग स्थित है। लगातार कटाव से क्षेत्र में खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिछले वर्ष तिनगढ़ गांव दौरे के दौरान प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर समाधान के निर्देश दिए थे लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो पाया है। ग्रामीण सौरव, कमलेश्वर प्रसाद, गणेश प्रसाद, अनूप सेमवाल, सरिता देव, लक्ष्मी प्रसाद, प्रेमलाल, विमला देवी, लता देवी, गैणा देवी ने प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे। इस बाबत एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि इस संबंध में एसडीएम घनसाली को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। उनकी ओर से राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया है। टीम की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।