कंडीसौड़ (टिहरी)। थौलधार ब्लॉक के 95 ग्राम सभाओं में तैनात ग्राम प्रहरियों ने लंबे समय से मानदेय में बढ़ोतरी नहीं होने पर नाराजगी जताई है। ग्राम प्रहरियों का कहना है कि उन्हें वर्तमान में महज दो हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है, जो बढ़ती महंगाई के दौर में कम है। यहां आयोजित बैठक में ग्राम प्रहरियों ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 15 अगस्त 2025 को ग्राम प्रहरियों का मानदेय बढ़ाने की घोषणा की थी। तब से उनके बैंक खातों में बढ़ा हुआ मानदेय नहीं पहुंचा है। बैठक में ग्राम प्रहरियों ने जल्द मानदेय बढ़ाने की मांग करते हुए सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। बैठक में ग्राम प्रहरी सुंदरलाल जोशी, हर्षमणि भट्ट, चिरंजी लाल भट्ट, वीर सिंह राणा, दिलबर सिंह रावत, पदम सिंह भंडारी, उमेद सिंह राणा, दर्शन लाल, उमेश दास आदि मौजूद रहे। संवाद