संवाद न्यूज एजेंसी
नरेंद्रनगर(टिहरी)। प्रदेश के वन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि आपदा के संकट में सभी अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधि आपसी समन्वय बनाकर लोगों की मदद करें। कहा कि क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को यातायात के लिए खोलने के लिए प्राथमिकता से काम करें।
शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक सुबोध उनियाल ने किनवाणी, कुमारखेड़ा, वंदे बंदेमातरम आदि स्थानों का निरीक्षण कर आपदा के कारण हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने आपदा प्रभावितों की समस्याएं सुनते हुए कहा कि संकट की घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है। प्रभावितों की सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किया जाएगा। उन्होंने कुमारखेड़ा बाजार के समीप धंसी 100 मीटर सड़क की मरम्मत के लिए लोनिवि के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को आपदा प्रभावितों की हर संभव मदद करने और उनके रहने, खाने की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। मंत्री ने ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर बगड़धार में हो रहे भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का भी दौरा किया। कहा कि सड़क बंद होने की स्थिति में बीआरओ आवाजाही बहाल करने के लिए तत्पर रहे। इस मौके पर नगर पालिकाध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, सभासद साकेत बिजल्वाण, तहसीलदार अयोध्या उनियाल, अधिशासी अधिकारी प्रीतम सिंह नेगी, विवेक उनियाल आदि मौजूद थे।