श्रीदेव सुमन विवि प्रशासन से शैक्षणिक सत्र 2023-24 की संबद्धता लेने वाले कॉलेज 31 अक्तूबर तक संबद्धता प्रस्ताव भेज सकते हैं। इसके बाद भेजे गए प्रस्ताव नहीं लिए जाएंगे।
विवि के कुलपति डा. पीपी ध्यानी ने बताया कि संबद्धता के लिए कॉलेजों के लिए विवि का ऑनलाइन पोर्टल करीब 9 माह पहले ही खोल दिया है। ताकि संबंधित महाविद्यालय अपनी सभी औपचारिकताएं तय समय पर पूरी कर सकें। विवि ने संबद्धता प्रस्तावों को प्राप्त करने की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर निश्चित की है।
अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले प्रस्तावों पर विवि कोई विचार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि संबद्धता प्रणाली को पूर्ण रूप से पारदर्शी और समयबद्ध बनाना ही विवि का लक्ष्य है। पिछले 10 वर्षों से विभिन्न कारणों से महाविद्यालयों को समय से संबद्धता नहीं दे पा रहे थे। शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पहले संबद्धता प्रकरणों पर विवि स्तर पर अंतिम निर्णय हो जाने से महाविद्यालयों और निजी संस्थानों को भी सुविधा मिलेगी और छात्रों को समय से प्रवेश मिलेगा।