कोरोना संक्रमण काल में एंबुलेंस की जरूरतों को पूरा करने के लिए जिला प्रशासन ने निजी वाहनों का अधिग्रहण करना शुरू कर दिया।
डीएम इवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि कोरोना महामारी से निपटने के लिए प्रयास निरंतर जारी है, जिसके तहत सामुदायिक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सैंपल टेस्टिंग किट, लक्षणयुक्त व्यक्तियों को आइसोलेशन पर रखकर दवाई की किट भी दी जा रही है। बताया कि जिले में संभावित और एंबुलेंसों की जरूरतों को देखते हुए 36 टैक्सी, मैक्सी वाहनों को हायर किया गया है, जिन्हें मॉडिफाइड कर एंबुलेंस बनाया गया। बताया कि सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एनके ओझा को वाहनों को मॉडिफाइड करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बताया कि मॉडिफाइड एंबुलेंसों में से छह को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंबा, फकोट पांच, पिलखी, छाम, कीर्तिनगर, बेलेश्वर को तीन-तीन, चौंड (लंबगांव), थत्यूड़ दो-दो, प्रतापनगर, नैनबाग, अंजनीसैण, जाखणीधार, हिंडोलाखाल, देवप्रयाग और मदननेगी को एक-एक सौंपी गई है। डीएम ने संबंधित एसडीएम को वाहन की स्थिति, चिह्नित स्थान पर तैनाती, चालक के भोजन, रहने की व्यवस्था कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।