चंबा (टिहरी)। ग्राम पंचायत सुदाड़ा की बैठक में नशे का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया। ग्राम पंचायत में होने वाले शादी-विवाह, नामकरण, चूड़ाकर्म, जन्मदिन, सेवानिव़ृत्त पार्टियों में अब कॉकटेल पार्टी का आयोजन न करने का प्रस्ताव पारित किया गया। नशे पर निगरानी के लिए ग्राम सुधार समिति का गठन किया गया। जिसमें अरविंद सिंह अध्यक्ष और खेमराज बिजल्वाण को सचिव की जिम्मेदारी दी गई। ग्राम प्रधान बिजेंद्र सकलानी की अध्यक्षता में पंचायत की खुली बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणों ने एक स्वर में गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। विवाह समारोह में डीजे रात 11 बजे के बाद नहीं बजने दिया जाएगा। गांव में शराब लाने या बेचने वाले से 21 हजार रूपये अर्थदंड वसूल किया जाएगा। शराब नहीं संस्कार मुहिम के संयोजक सुशील बहुगुणा ने कहा कि सुडाड़ा ग्राम पंचायत का यह निर्णय अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणा बनेगा। ग्राम सुधार समिति में सरिता सकलानी उपाध्यक्ष, सुशीला देवी सह सचिव, दिनेश प्रसाद को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। इसके अलावा दीपक सकलानी, अमिता सकलानी, सविता, ललित कोठारी, अजय बिजल्वाण, सूरज, केशव कोठारी, मोहन लाल उनियाल, सुनील कोठारी, ओमप्रकाश सकलानी, मदन तोमर,मनीष उनियाल व कुंदन लाल को समिति का सदस्य नामित किया गया।