नैल में हुई वाहन दुर्घटना में मौत के आगोश में समा गए थे आठ लोग
नई टिहरी। चंबा-कोटीकॉलोनी मोटर मार्ग पर नैल में हुई वाहन दुर्घटना में मृतक आठ में से चार रिश्तेदारों की चिता टिहरी झील किनारे कोटीकॉलोनी में एक साथ जलीं। जबकि अन्य चार मृतकों का अंतिम संस्कार उनके गांव के पैतृक घाट पर किया गया। नैल गांव में हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। जबकि गांव में मातम पसरा हुआ है। आस-पास गांव के लोग उन्हें सांत्वना देने पहुंच रहे हैं, लेकिन गमजदा परिजनों के आंसू नहीं थम पा रहे हैं। बृहस्पतिवार 23 अप्रैल को नैल में हुई वाहन दुर्घटना में आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। जबकि घायल अंकित और उत्तम कुमार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनमें से अंकित को हायर सेंटर रेफर किया गया। वाहन दुर्घटना में मृतक सभी आठ लोग आपस में नाते-रिश्तेदार थे। जिला अस्पताल बौराड़ी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। 24 अप्रैल को परिजनों ने मृतक प्रेम लाल, सेहत लाल दोनों निवासी चकरेड़ा, विजय लाल और उसका भाई लक्ष्मण दोनों निवासी चांजी के शवों का कोटीकॉलोनी में झील किनारे एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंत्येष्टि में पहुंचे रिश्तेदार से लेकर गांव के लोग इस घटना से गहरे सदमे थे। जबकि होल्टा निवासी मृतक वाहन चालक शिव सिंह का अंतिम संस्कार गांव के घाट पर किया गया। ठेला निवासी मृतक आशा लाल का भी अंतिम संस्कार गांव के पैतृक घाट में किया गया। कीर्तिनगर के बडियारगढ़ निवासी मृतक महावीर और रुद्रप्रयाग के लडयासू मृतक राहुल की अंत्येष्टि भी उनके पैतृक घाट पर की गई। इस घटना के बाद से चांजी, चकरेड़ा और ठेला से लेकर बडियारगढ़, लडयासू में भी मातम पसरा हुआ है। रुद्रप्रयाग निवासी 25 वर्षीय मृतक राहुल अपने पीछे 7 माह के नन्हें बच्चे को छोड़ गया। वाहन दुर्घटना के बावत एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। जिस स्थान पर दुर्घटना हुई है,वहां पर सड़क भी काफी चौड़ी है। चंबा-कोटी मोटर मार्ग पर वाहनों की स्पीड कंट्रोल करने के लिए जल्द ही परिवहन, पुलिस और लोनिवि बैठक आयोजित की जाएगी।
जारी-विजय गुसाईं