प्राथमिक विद्यालय स्यूंरा की व्यवस्थाएं दम तोड़ रही है। दो साल पहले स्कूल भवन की दीवार के साथ छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी लेकिन क्षतिग्रस्त विद्यालय भवन मरम्मत के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारी बजट का अभाव बता रहे हैं।
बासर पट्टी के ग्रामीणों की मांग पर 1993 में स्यूंरा में प्राथमिक विद्यालय खोला गया था। 29 साल पहले बना विद्यालय भवन अब पूरी तरह से जर्जर हो चुका है। 2020 में विद्यालय भवन की दीवार के साथ छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। उस दिन विद्यालय में अवकाश होने के चलते हादसा होने से टल गया था। ग्राम प्रधान हरीश बसलियाल, संजय, प्यार चंद, जोगेश्वर, कुंदन सिंह, दशरथ प्रसाद, महेश सिंह का कहना है कि क्षतिग्रस्त स्कूल भवन मरम्मत की मांग को लेकर वे शिक्षा मंत्री और विभागीय अधिकारियों को पत्र भेज चुके हैं लेकिन किसी ने भी स्कूल भवन की सुध नहीं ली। वर्तमान सत्र में विद्यालय में 15 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। जिला पंचायत सदस्य धनपाल सिंह नेगी ने बताया कि जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में उन्होंने विभागीय अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया।
प्राथमिक विद्यालय स्यूंरा के भवन निर्माण को लेकर जिले में प्रस्ताव दो बार भेजा गया है। बजट की स्वीकृति कब तक मिलेगी इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है।
-सुमेर सिंह कैंतुरा, खंड शिक्षा अधिकारी भिलंगना