लंबगांव (टिहरी)। प्रतापनगर की महिला कांग्रेस ने अंकिता भंडारी हत्याकांड और मणिपुर में महिलाओं के साथ हुए अत्याचार के विरोध में मौन जुलूस निकालकर घटना की निंदा की। उन्होंने दोनों घटनाओं में शामिल आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की।
सोमवार को प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी के नेतृत्व में महेड़ देवता मंदिर से लंबगांव थाने तक महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौन जुलूस निकाला। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड और मणिपुर में भाजपा की सरकार है। लेकिन दोनों राज्यों में महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही है। बावजूद सरकार मौन बैठी हुई है। कहा कि अपराधियों पर कानून का खौफ नहीं है। सरकार भी अपराधियों को बचाने में लगी हुई है।
कहा कि सदन में विपक्षी सांसद मणिपुर की घटना पर चर्चा की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री चर्चा से भाग रहे हैं उन्होंने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग की। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष सुशीला भट्ट, मुरारी लाल खंडवाल, जय सिंह चौहान, सौरभ रावत, अंकित रावत, देवकी रांगड़, उमा बिष्ट, विमला देवी, अंजली रावत, गुड्डी देवी, पिंगला देवी, भानमती देवी, श्वेता देवी, सविता देवी, आशा देवी आदि मौजूद थे। संवाद