सार
टिहरी जिले के नैनबाग से 28 वरिष्ठ श्रद्धालुओं का दल पांच दिवसीय धार्मिक यात्रा पर गंगोलीहाट के लिए रवाना हुआ। दीनदयाल उपाध्याय मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत श्रद्धालुओं के आने-जाने, ठहरने और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की गई है।
दीनदयाल उपाध्याय मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत नैनबाग से 28 वरिष्ठ श्रद्धालुओं का दल बृहस्पतिवार को गंगोलीहाट, पिथौरागढ़ के लिए रवाना हुआ। पांच दिन की इस धार्मिक यात्रा पर निकले दल को जिला पंचायत सदस्य राम दयाल शाह और क्षेत्र पंचायत सदस्य नरेंद्र सिंह पंवार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालु गंगोलीहाट और आसपास के धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। उनके आने-जाने के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम की बस की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। यात्रा में एक गाइड भी साथ रहेगा। श्रद्धालुओं के ठहरने और भोजन का इंतजाम गढ़वाल मंडल विकास निगम और कुमाऊं मंडल विकास निगम की ओर से निःशुल्क किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष योजना के तहत अब तक 125 से 130 श्रद्धालुओं को बदरीनाथ, गंगोत्री, रीठा मीठा साहिब, जागेश्वर, कालीमठ और गंगोलीहाट समेत विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा कराई जा चुकी है। योजना का उद्देश्य 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की निःशुल्क यात्रा का अवसर उपलब्ध कराना है।