लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड बौराड़ी की लापरवाही राैणद रमाेली पट्टी के लोगों पर भारी पड़ रही है। क्षेत्र के सात गांवों काे जाेड़ने वाले स्यालगी-भरपूर माेटर मार्ग की स्थिति दयनीय बनी हुई है। खस्ताहाल सड़क पर लोग जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोग लंबे समय से मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
क्षेत्र पंचायत सदस्य आरती कलूड़ा, परविंद्र राणा, मनभावन बगियाल ने बताया कि रौणद रमोली पट्टी के भरपूर, बागी, खेतपाली, कोरदी, सिलारी, हलेथ, बेथाण, गोलाणी गांव को जोड़ने वाला मोटर मार्ग स्यालगी-भरपूर की छह से सात किलोमीटर स्थिति दयनीय बनी हुई है। सड़क के किनारे बने पैराफिट और दीवार भी क्षतिग्रस्त हैं। बताया कि बरसात के बाद से मोटर मार्ग की स्थिति और भी खराब हो गई है। जिस कारण वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का भय बना रहता है। बरसात के समय पहाड़ी से सड़क पर जगह-जगह आया मलबा भी वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। सड़क पर दो वाहन भी पास नहीं हो पा रहे हैं। क्षेत्र के लोग लंबे समय से मोटर मार्ग के डामरीकरण और सुधारीकरण की मांग करते आ रहे हैं। लेकिन डामरीकरण नहीं हो पाया। उक्त मोटर मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से शीघ्र सड़क का डामरीकरण करने की मांग की है।
भरपूर-स्यालगी मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण का आगंणन शासन को भेजा जा चुका है। बजट स्वीकृत होते ही मोटर मार्ग का सुधारीकरण सहित अन्य कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। -योगेश कुमार, ईई लोनिवि प्रांतीय खंड बौराड़ी टिहरी