जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार के आश्वासन पर थौलधार ब्लॉक के जन प्रतिनिधियों ने नौ दिनों से चल रहा धरना 15 दिन के लिए स्थगित कर दिया है। उनका कहना है कि वित्तीय वर्ष 2017-18 और 2018-19 में मनरेगा के तहत उन्होंने अपनी ग्राम पंचायतों में रास्तों, सिंचाई गूल, भूमि सुधार और चेक डैम समेत कई निर्माण कार्य कराए थे। विकास विभाग की ओर निर्माण कार्यों का भुगतान नहीं किया गया। भुगतान न मिलने के कारण वह मजदूर और दुकानदारों की बकाया राशि नहीं चुका पा रहे हैं। मंगलवार को डीडीओ सुनील कुमार ने धरनास्थल पर पहुंचकर आंदोलनरत लोगों से वार्ता की। उन्होंने आश्वासन दिया कि 15 दिन में भुगतान की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस पर धरना स्थगित कर दिया गया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख प्रभा बिष्ट, बुद्धि सिंह बिष्ट, रोबिन सिंह, राम सिंह बुढ़ाण, महावीर सेनवाल, राकेश सिलस्वाल, नत्थीलाल, जयेंद्र प्रसाद सेमवाल, राकेश नौटियाल आदि उपस्थित थे। संवाद