सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड-लंबगांव में कार्यरत स्टाफ नर्स जगमोहन नौटियाल को सीएमओ डॉ. संजय जैन ने कार्यशैली और व्यवहार में बदलाव लाने को कहा है। ऐसा न करने पर कर्मचारी आचरण नियमावली के तहत प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाने की चेतावनी दी है। स्टाफ नर्स नौटियाल पर पिछले दिनों एक महिला कर्मचारी ने अभद्रता का आरोप लगाया था। ब्लॉक प्रमुख प्रदीप चंद रमोला, जिला पंचायत सदस्य संजू देवी, प्रधान फगणी देवी की शिकायत पर सीएमओ डॉ. जैन ने एसीएमओ डॉ. एलडी सेमवाल को मामले की जांच सौंपी थी। एसीएमओ डॉ. सेमवाल की जांच रिपोर्ट के आधार पर सीएमओ ने स्टाफ नर्स नौटियाल को पत्र जारी कर कार्य शैली में बदलाव लाने को कहा है। इसकी पुनरावृत्ति पर कर्मचारी आचरण नियमावली के तहत प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाने की चेतावनी दी है। संवाद