चंबा (टिहरी)। पुलिस लाइन चंबा में सुविधायुक्त बैरक बनकर तैयार हो गया है। शुक्रवार को एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बैरक का उद्घाटन कर कर्मचारियों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि लाइन में लंबे समय से बैरक की जरूरत महसूस की जा रही थी। कई प्रयासों से स्वीकृति मिलने के बाद कुछ समय पहले बिल्डिंग का कार्य शुरू किया गया था। सुविधायुक्त 20 पुलिस कर्मियों के रहने की क्षमता की इस बैरक में हर नागरिक सुविधाएं प्रदान की गई है। एसएसपी ने शुक्रवार को बैरक का उद्घाटन करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन पुलिस कर्मियों को हरसंभव सुविधा मुहैया कराने को प्रयासरत है। इस मौके पर एएसपी जेआर जोशी, पुलिस क्षेत्राधिकारी ओशिन जोशी और प्रतिसार निरीक्षक अमित कुमार आदि मौजूद थे। संवाद